चंडीगढ़। सामान्य श्रेणी में आर्थिक पिछड़ों के लिए बनाई गई ईबीपीज (इकोनॉमिकली बैकवर्ड पर्सन इन जनरल कास्ट) श्रेणी के विभिन्न सरकारी नौकरियों में रुके परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग इस श्रेणी के परिणामों को जल्द से जल्द क्लीयर कर रहा है। जिसके बाद इस वर्ग के आर्थिक पिछड़ों के लिए रोजगार का इंतजार खत्म होगा। दस्तावेज वेरिफिकेशन व अन्य औपचारिकताओं के बाद उन्हें जल्द नियुक्तियां भी मिल जाएगी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती ने बताया कि सोमवार को भी आयोग ने इसी श्रेणी के दो अलग-अलग परिणाम घोषित किए गए हैं। उनके अनुसार आयोग लंबित चल रहे परिणामों को जल्द घोषित करने को प्रयासरत है। ताकि युवाओं को अपने रोजगार के लिए और इंतजार न करना पड़े।
सोमवार को आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में लैब अटेंडेंट व सब फायर ऑफिसर के पदों पर इसी श्रेणी के अभ्यर्थियों का रिजल्ट घोषित किया। इसके अलावा भी आयोग ने एचवीपीएनएल में जूनियर अकाउंटेंट, डीएचबीवीएन में जूनियर सिस्टम इंजीनियर, एचवीपीएनएल में सेक्शन ऑफिसर अकाउंट, कृषि विभाग में कृषि निरीक्षक, हैफेड में फील्ड इंस्पेक्टर, एचएसवीपी में जूनियर इंजीनियर सिविल व इलेक्ट्रिकल, हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड में सहायक सचिव, फूड एंड सप्लाई विभाग में उप निरीक्षक, वन्य जीव संरक्षण विभाग में वाइल्ड लाइफ गार्ड व उप रेंजर, वन विभाग में फोरेस्टर, विभिन्न विभागों, निगमों व बोर्ड में सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर व जूनियर स्कूल स्टेनोग्राफर, स्टेनो टाइपिस्ट के पदों की भर्तियों में भी ईबीपीजी श्रेणी के अभ्यर्थियों के परिणाम घोषित किए गए हैं।