मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर 4 लाख 15 हजार रुपये की ठगी के आरोप में मटौर थाना पुलिस ने लैंड इमिग्रेशन कंपनी के संचालक सहित कुल सात आरोपियों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान निशान सिंह (संचालक), अखिल, दिव्या, प्रदीप, माही, प्रीत, इंदर (सभी स्टॉफ सदस्य) के रूप में हुई है। आरोपियों ने सेक्टर-70 में वीजा लैंड के नाम से इमिग्रेशन कंपनी खोली हुई थी। अभी सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मामले में शिकायतकर्ता जिला लुधियाना के गांव मकसूदडा जरनैल सिंह गिल ने 19 दिसंबर 2023 को एसएसपी मोहाली को शिकायत दी थी कि उसने कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ विदेश जाने के लिए उक्त इमिग्रेशन कंपनी से संपर्क किया था। कंपनी ने उसे विदेश भेजने के नाम पर कुल 4 लाख 15 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद उक्त आरोपियों ने न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। इसकी शिकायत के बाद मामले की जांच संटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट मोहाली ने की थी। इसमें दोषी पाए जाने पर उक्त कंपनी संचालक और उसके स्टॉफ पर आईपीसी की धारा 406, 420, 120बी, इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।