पंचकूला। शहरवासियों को अभी लावारिस पशुओं और कुत्तों के आतंक से निजात नहीं मिलेगी। समस्या के समाधान के लिए लोगों को जनवरी माह तक इंतजार करना पड़ेगा। सुखदर्शनपुर गोशाला और कैनल हाउस का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। निर्धारित समय से निर्माण कार्य पहले ही काफी लेट हो चुका है। हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शनिवार को गोशाला और कैनल हाउस निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी के ठेकेदार को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने निर्माण कार्य पूरा न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह गोशाला और कैनल हाउस के निर्माण कार्य को लेकर तीन बार निरीक्षण कर चुके हैं। शहरवासी लावारिस पशुओं और कुत्तों के आतंक से काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पहले तो उन्होंने 22 नवंबर को गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर गोशाला और कैनल हाउस का उद्घाटन करना था, लेकिन कार्य पूरा न होने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ रहा है। लेकिन यह बारबार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब वह दोनों प्रोजेक्ट का उद्घाटन जनवरी 2021 के पहले सप्ताह में करेंगे। उन्होंने निर्माण कंपनी को कार्य पूरा करने के लिए 30 दिसंबर तक का अंतिम समय दिया है।
गोशाला प्रबंधन का कार्य पूरा, प्रशासन का अधूरा
सुखदर्शनपुर गोशाला का निर्माण कार्य करने वाली संस्था माधव गोशाला ट्रस्ट ने अपना कार्य करीब 80 फीसद पूरा कर लिया है। लेकिन प्रशासन की तरफ से होने वाले कार्य की शुरुआत तक नहीं हुई है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि गोशाला की ओर आने वाली सड़क और पशुओं के लिए पानी का प्रबंध करने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक न तो सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है और ट्यूबवेल के लिए अभी तक कनेक्शन तक नहीं लिया गया है। बिजली की सप्लाई न होने के कारण संस्था अब तक करीब दो लाख से ज्यादा का डीजल जला चुका है और एक लाख रुपये से ज्यादा का पानी टैंकर मंगवा चुका है।
गोशाला में 1000 पशुओं की होगी क्षमता
उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि सुखदर्शनपुर गोशाला में एक हजार गायों को रखने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, कैनल हाउस में भी एक हजार के करीब कुत्तों को रखा जाएगा। इनमें 850 स्टे़ डॉग और 150 पेट डॉग को रखा जा सकेगा। इस अवसर पर नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर संयम गर्ग, एक्सईएन अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।