मोरनी के भोज दारड़ा गांव में संतृप्ति अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में संतृप्ति अभियान के तहत मंगलवार को मोरनी ब्लॉक के भोज दारड़ा गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एलडीएम विनोद कुमार ने बताया कि वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 21 अक्तूबर से 31 अक्तूबर 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान ग्रामीणों के नए बैंक खाते खोलने के साथ-साथ री-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी की गई। इसके अतिरिक्त लोगों को साइबर अपराध से बचाव और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया, ताकि वे बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित तरीके से लाभ उठा सकें। बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।