मोरनी। पंचायत धारटी के कई गांवों में हाईटेंशन बिजली के तार खतरे का कारण बने हुए हैं। ये तार घरों के ऊपर पांच फीट की दूरी पर लटके हैं। इससे ग्रामीणों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है। 10 वर्षों से गांव के लोग इन तारों को हटवाने के लिए लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। तारों के अत्यधिक नीचे होने के कारण कई घरों में करंट तक आ चुका है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक कई बार अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में उन्होंने कालका से भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा को भी एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने हाई टेंशन तारों को गांव से हटाने की मांग की है।
गांव के अन्य लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से मिलने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।