पंचकूला। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के पंचकूला जिला स्तरीय संगठन के प्रधान के लिए रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-6 पंचकूला में चुनाव करवाया गया। इसमें जिले के प्रवक्ताओं ने कुल 318 मत डाले, जिनमें छह मत खारिज कर दिए गए। सर्वाधिक 224 मत राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालका के गणित प्रवक्ता विकास कुमार को मिले। दूसरे उम्मीदवार अंग्रेजी के प्रवक्ता डॉ. रविंद्र कुमार को 88 मत मिले। इस प्रकार विकास कुमार को हसला की पंचकूला इकाई का प्रधान नियुक्त किया गया। जीत दर्ज करने के पश्चात विकास कुमार ने कहा कि वे राज्य कार्यकारिणी के साथ कंधे से कंधा मिलकर कार्य करेंगे।
उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सबसे प्रमुख मांग महिला शिक्षकों की चाइल्ड केयर लीव की फाइलों के लंबित होने की अवधि को कम कराना है। उन्होंने हरियाणा सरकार से भी यह मांग की है कि चाइल्ड केयर लीव व एसीपी की फाइलों को तीव्र गति से निकाली जाए। इसके अलावा पुरानी पेंशन का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा है। इस पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को गौर करना चाहिए क्योंकि एक कर्मचारी के लिए पेंशन ही उसकी बुढ़ापे का सहारा होता है।
इस मौके पर हसला के राज्य प्रधान सतपाल संधू ने बताया कि बताया कि हरियाणा के सरकारी विद्यालयों में लगभग 40000 प्रवक्ता शिक्षा दे रहे हैं। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन उनका प्रतिनिधित्व करता है।