मोरनी। थापली मार्ग पर चंडीवास गांव के पास सड़क पर भारी मात्रा में पानी और मलबा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मोरनी से पंचकूला को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना भारी संख्या में राहगीर निकलते है। सोमवार रात हुई भारी बारिश के चलते एक बार फिर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगी, कई वाहन पानी में डूब गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई बाइक सवार दलदल में फंसकर गिर भी गए।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या लंबे समय से चली आ रही है। हर बरसात में यह क्षेत्र जलमग्न हो जाता है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी हल नहीं निकाला जा रहा है। हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। लोक निर्माण विभाग की निष्क्रियता से नाराज लोग अब इस समस्या को गंभीर खतरे के रूप में देख रहे हैं।
स्थानीय निवासी रमेश शर्मा ने कहा कि बरसात का मौसम आते ही मुश्किलें बढ़ जाती हैं। सड़कें जलमग्न होने से वाहन चालक और पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है। यहां नालियों का कोई इंतजाम नहीं है। अध्यापक ब्रिज किशोर, स्वरूप सिंह, नवीन कुमार, अच्छरू शर्मा आदि ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी और सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे लोक निर्माण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।