पंचकूला। आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर वाल्मीकि महासभा पंचकूला ने रविवार शाम एक पैदल कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च सेक्टर-16 लेवर चौक से शुरू होकर सेक्टर 17/18 चौक पर खत्म हुआ। कैंडल मार्च में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए और आईपीएस पूरण कुमार को न्याय दो के नारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मीकि और पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन ने भी भाग लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मीकि ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इसके भीतर आईपीएस वाई पूरण कुमार के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेशभर में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा यदि हरियाणा के डीजीपी को सस्पेंड या गिरफ्तार नहीं किया गया तो खाप पंचायतें और वाल्मीकि समाज के लोग पूरे हरियाणा से चंडीगढ़ पहुंचकर विशाल आंदोलन करेंगे। कैंडल मार्च में दलवीर वाल्मीकि, मनवीर कौर गिल, पवन जैन, आरके कक्कड़, राकेश सौधी, केवल डिंगरा, गोल्डी, हरिप्रकाश, सुनील सरोहा सहित महिला-पुरुषों, युवाओं और समाज के अन्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।