पंचकूला। अब पंचकूला में टीकाकरण अभियान को एक नए ढंग से शुरू किया जा रहा है। टीकाकरण का यह अभियान पंचकूला के सिविल अस्पताल में शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। इसमें जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य विभाग का सहयोग इंडस्ट्री एसोसिएशन पंचकूला करेगी। इस ड्राइव की शुरुआत बुधवार को शाम पांच बजे होगी। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान की शुरुआत बुधवार से जिले के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल से की जाएगी।
इस संबंध में पंचकूला सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुवीर सक्सेना ने बताया कि पंचकूला के उपायुक्त के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया है कि वैक्सीनेशन की प्रक्रिया तेज करने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग रोजाना निर्धारित टीकाकरण केंद्रों में तो टीका लगवाएगा ही साथ ही अब सिविल अस्पताल में शाम के समय उन लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया जाएगा जो कि किन्हीं कारणवश सुबह के समय नहीं आ पाते हैं। इसके लिए तीन काउंटर बनाए जाएंगे जिससे तीनों वर्गों का टीकाकरण किया जा सके।
स्टाफ देगी एसोसिएशन और मदद भी करेगी
इंडस्ट्री एसोसिएशन पंचकूला के प्रधान रमेश अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन कोविड काल के समय से ही जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ जुड़ी है। अब कोरोना का प्रचार प्रसार ज्यादा हो चुका है और मरीजों को देखने के लिए स्टाफ सीमित है। इसी वजह से एसोसिएशन द्वारा अस्पताल को स्टाफ उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को यह आश्वासन दिया गया है कि जब तक कोविड काल चलेगा इंडस्ट्री एसोसिएशन जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भरपूर मदद करेगी।
कार ड्राइव भी चल सकती है यहां पर
इंडस्ट्री एसोसिएशन पंचकूला के प्रधान रमेश अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि शाम के समय चलाई जाने वाली यह वैक्सीनेशन ड्राइव कारगर हुई तो यहां पर कार वैक्सीनेशन ड्राइव चलाई जाए। इससे उन परिवारों को वैक्सीनेशन करवाने का मौका मिलेगा जो कि अस्पताल में ज्यादा भीड़ से बचना चाहते हैं। बताया जाता है कि इसके लिए कार ड्राइव शुरू होगी जिसके अंतर्गत कार में बैठे-बैठे ही टीकाकरण कर दिया जाएगा।