पंचकूला। श्रीमुक्तिनाथ वेद विद्याश्रम (संस्कृत गुरुकुल) में 27 विद्यार्थियों का उपनयन संस्कार श्रद्धा और विधिपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गुरुकुल के कुलाचार्य स्वामी श्रीनिवासाचार्य महाराज की उपस्थिति में वैदिक मर्यादा के अनुसार गायत्री मंत्र की दीक्षा दी गई। गुरुदेव ने उपनयन संस्कार को केवल एक परम्परागत अनुष्ठान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुशासन, बौद्धिक जागरण और नैतिक संस्कारों की सुदृढ़ आधारशिला बताया। इस अवसर पर शास्त्रों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उपनयन की महिमा भी बताई गई, जिसमें गायत्री मंत्र के नियमित जप से मानसिक विक्षेप शांत होते हैं और प्राण ऊर्जा के संतुलन की बात की गई। समारोह में मुख्य अतिथि कैलाश चन्द मित्तल ने ब्रह्मचारी बटुकों को आशीर्वचन प्रदान किए और उनके उज्जवल जीवन की कामना की।