बरवाला। बरवाला व आस-पास के एरिया में सोमवार व मंगलवार को हुई बेमौसमी भारी बरसात व तेज हवाओं के कारण किसानों के खेतों में पक कर तैयार खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गई जिसके चलते किसानों का काफी आर्थिक नुकसान हो गया है। किसानों ने सरकार से खराब फसलों के आर्थिक नुकसान की भरपाई कर मुआवजे देने की मांग की है। क्षेत्र के किसान हुकुमचंद, श्रीपाल, बलकार सिंह देशपाल, सुरजीत सिंह राजकुमार, बलजीत सिंह, जंगशेर व अन्य ने बताया कि आजकल उनके खेतों में धान व मक्का की फसल पक्क कर तैयार खड़ी थी जो बारिश व तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई और खेतों में भारी बरसात के पानी में डूब कर खराब हो गई। जिससे किसानों की खून पसीने की कमाई पानी व मिट्टी में मिल गई। बरसात से 2 दिन पहले ही कुछ किसानों ने अपने खेतों में धान की फसल की कटाई करवा कर अपनी फसल को बरवाला अनाज मंडी में आढ़तियों के पास गिरा दिया था। खरीद शुरू न होने के कारण उनकी फसल भी मंडी में भारी बरसात के कारण भीग गई जिसके चलते उन्हें भी अब भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।
मेहनत पर फिरा पानी
बमौसमी बरसात क्षेत्र के किसानों के लिए हानिकारक साबित हुई है। इससे उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है।-वीरेंद्र सिंह,भगानपुर
फसलें खराब होने से काफी नुकसान
बारिश के साथ चली तेज हवाओं से पककर तैयार खड़ी फसलें खराब होने से किसानों का काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।-भूपेंद्र सिंह,सुंदरपुर
सरकार करें मदद
सरकार व जिला प्रशासन किसानों की खराब हुई फसलों की गिरदावरी करवाकर जल्द मुआवजा देने का काम करें। -भाकियू जिला प्रधान नरेंद्र सिंह