संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव अलीपुर निवासी एक व्यक्ति ने अज्ञात लोगों की ओर से डराने-धमकाने और जबरन उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए पुलिस उपायुक्त से सुरक्षा की गुहार लगाई है। शिकायत में बताया है कि कुछ दिन पहले एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आया था। इसके बाद 4 अप्रैल की दोपहर करीब 3:30 बजे दो युवक उसके घर पहुंचे और बाहर खड़ी गाड़ी को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए खुद की पहचान बताने से इनकार किया और धमकी भरे लहजे में बात की। शिकायत के अनुसार, दोनों युवक उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान उनकी पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसे भी डराया-धमकाया गया और अपमानित किया गया। जाते समय आरोपी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भाग गए।