चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) जालंधर लोकसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगा। यह एलान पार्टी अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींडसा और एसजीपीसी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने चंडीगढ़ में जारी बयान के जरिये किया। यह भी कहा गया है कि जालंधर उपचुनाव में किस पार्टी को समर्थन दिया जाए, इस बारे में फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अगली बैठक में जल्द लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) की मुख्य प्राथमिकता शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के आम चुनाव हैं। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार से जल्द से जल्द शिरोमणि कमेटी के चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी के चुनाव हुए एक दशक से अधिक का समय बीत चुका है और आम चुनाव कराने को लेकर कोई रुकावट भी नहीं बची है, ऐसे में इन चुनावों को जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए ताकि एसजीपीसी पर एक परिवार के एकाधिकार को समाप्त किया जा सके।
ढींडसा ने कहा कि जालंधर उपचुनाव के मुद्दे पर शिअद (संयुक्त) के दोआबा क्षेत्र के प्रमुख नेताओं की एक विशेष बैठक जालंधर में बीते दिनों हुई थी, जिसमें सभी नेताओं ने जालंधर उपचुनाव बारे फैसला लेने का अधिकार उन्हें और बीबी जागीर कौर को दिया था। वीरवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर बीबी जागीर कौर के साथ उनकी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि पार्टी जालंधर उपचुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। बैठक के दौरान यह महसूस किया गया कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति की तुलना में सांप्रदायिक मुद्दों को हल करने की अधिक जरूरत है, इसलिए जालंधर उपचुनाव के बजाय एसजीपीसी के चुनाव पर ध्यान दिया जाना चाहिए।