दुर्घटनाएं रोकने की कवायद : 15 करोड़ से फरवरी में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बनाएगा अंडरपास
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर सेक्टर 26-27 डिवाइडिंग रोड पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) फरवरी में अंडरपास का काम शुरू करेगा। धुंध की वजह से एनएचएआई टेंडर होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है।
दअरसल पिछले डेढ़ साल में यहां दो लोगों की मौत और 18 लोग घायल हो चुके हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जनवरी 2024 में यहां अंडरपास बनाने की मंजूरी दी थी। इसका फायदा सेक्टर-25, 26, 27, 28 सहित आसपास के करीब 50 हजार लोगों को मिलेगा। इन सेक्टरों की ओर से आने वाली गाड़ियां जिन्हें आईटीबीपी और रामगढ़ की तरफ जाना है, वह सीधा अंडरपास से निकल जाएंगी। वहीं पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे अंडरपास के जंक्शन के ऊपर से निकलेगा। इससे सड़क हादसों में कमी आएगी और ट्रैफिक की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
दो स्पैन का होगा निर्माण
सेक्टर 26-27 डिवाइडिंग रोड पर बनने वाले अंडरपास पर करीब 15 करोड़ की लागत आएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्राधिकरण 40 मीटर का स्पैन बनाएगा। इसमें 20-20 मीटर के दो स्पैन होंगे। इसकी ऊंचाई साढ़े चार मीटर होगी। यू टर्न के लिए साथ में पैडेशियन अंडरपास भी बनेगा। यह छह बाय तीन का होगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बैंक गारंटी और प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेज भी ठेकेदार ने जमा करवा दिए हैं।
20 शिकायत के बाद लिया अंडरपास बनाने का निर्णय
अंडरपास बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों के पास करीब 20 शिकायतें दी गईं थीं। पार्षद कुलदीप सोही ने बताया कि वह खुद तीन बार अथॉरिटी को पत्र लिख चुके हैं। धुंध के चलते काम शुरू नहीं हो पाया है। 15 जनवरी के बाद काम शुरू करने का भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था।
रिंग रोड का ट्रैफिक भी आसानी से निकलेगा
जीरकपुर रिंग रोड का ट्रैफिक भी पीरमुछल्ला होकर पंचकूला के सेक्टर-25-26 से सेक्टर-26 और 27 के अंडरपास से सीधा पंचकूला-यमुनानगर मार्ग पर निकल जाएगा। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और घग्गर पार के सेक्टरों के लोगों भी दिक्कतें नहीं आएगी।
कोट
15 करोड़ की लागत से अंडरपास का काम अगले माह से शुरू किया जाएगा। यहां 20-20 मीटर के दो स्पैन बनाए जाएंगे। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। धुंध के कारण कांट्रैक्टर ने काम शुरू नहीं किया था। -राहुल सोखल, उप महाप्रबंधक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण