टक्कर लगने से बस रोड किनारे खड़े ट्रक कंटेनर से जा भिड़ी।
- फोटो : PKL OFFICE
पिंजौर। पिंजौर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव रामपुर सियुडी के समीप बेकाबू ट्राले ने 5 वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि दो घायल सेक्टर 6 के अस्पताल में उपचाराधीन हैं। बेकाबू ट्राला रोड पर जा रहे वाहनों और रोड किनारे खड़े वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए तकरीबन आधा किलोमीटर बाद सड़क किनारे असंतुलित हो कर पलट गया। घटना के बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया।
क्षतिग्रस्त ट्रक कंटेनर के चालक मोहम्मद शहादत ने बताया कि उसे बद्दी से चंडीगढ़ की ओर जाना था। जब वह देर रात करीब 10 बजे पिंजौर क्रॉस कर रामपुर सियुडी पहुंचा तो वहां एक ढाबे के सामने सड़क किनारे कच्चे में अपना ट्रक कंटेनर खड़ा कर उसमें सो गया। सुबह करीब साढ़े चार बजे एक बेकाबू ट्राला पिंजौर की ओर से आया और उसने अपने से आगे जाती बस को टक्कर मारी जिससे बस अनियंत्रित होकर रोड से उतरकर कच्चे में खड़े हुए उसके ट्रक कंटेनर से टकरा गई। इस घटना में बस और उसका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद बेकाबू ट्राला तेज गति से चलता हुआ आगे खड़े कैंटर से जा टकराया और उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्राले ने एक ट्रक को अपने चपेट में ले लिया उसके बाद आगे तेज गति से जाते हुए ट्राला पूरी तरह से असंतुलित हो कर सड़क किनारे पलट गया। घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों की संख्या 5 है जबकि अन्य वाहन भी मामूली तौर पर क्षतिग्रस्त हुए थे परंतु उनके चालक अपने वाहनों को घटना स्थल से ले कर चले गए।
कोट...
दुर्घटना में एक कैंटर चालक पवन कुमार (40) निवासी जिला करनाल और कश्मीर सिंह 25 निवासी फतेहाबाद की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल सुखदेव सिंह और अजय कुमार सेक्टर 6 के अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
-मान सिंह, पुलिस चौकी इंचार्ज, अमरावती