पंचकूला। खेल रहे दो युवकों को तेजधार हथियार से घायल करने का मामला सामने आया है। कालका पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, टिपरा कालका निवासी जतिन ने शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे वह दोस्त पंकज के साथ टिपरा में खेल रहा था। उसी दौरान हितेश, तनवीर, विरेन्द्र, रितिक और जश्न कार में सवार होकर आए। उनके हाथ में दरांत, तलवार और डंडे थे। हितेश ने दरांत से उस पर हमला कर दिया। इस कारण उसकी बाईं बाजू पर चोट पहुंची। पंकज के सिर पर दरांत से घाव हो गया। तनवीर, विरेन्द्र, रितिक और जश्न ने भी तलवार और डंडों से उनको घायल कर दिया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए कालका सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। पंकज की हालत गंभीर देखकर उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।