केवल भाजपा ने ही तीसरी बार महिला को मैदान में उतारा है, एक बार विधायक भी बनीं
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। विधानसभा चुनाव में भाजपा को छोड़कर किसी भी पार्टी ने महिलाओं पर भरोसा नहीं जताया है। जिले से इस बार भी भाजपा ने एक महिला को प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है। विधानसभा चुनाव की बात करें तो 1967 से अभी तक जनता ने भी एक बार महिला को विधायक बनाकर विधानसभा में भेजा है। पंचकूला और कालका हलकों की बात करें तो दोनों जगह पुुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या में केवल 20763 का अंतर है। इसके बावजूद अन्य पार्टियों का महिलाओं पर भरोसा नहीं करना प्रश्नचिह्न है। कालका हलके से भाजपा ने तीसरी बार महिला को प्रत्याशी बनाया है। 2014 में लतिका शर्मा विधायक बनी थीं। इस बार कालका से दो महिला प्रत्याशी (निर्दलीय गीता देवी और भाजपा की शक्ति रानी शर्मा) चुनाव मैदान में हैं। पंचकूला से 2009 से 2024 के बीच आज तक किसी महिला को टिकट नहीं मिला है। इस बार पंचकूला सीट पर तीन महिलाएं विभिन्न पार्टियों से टिकट मांग कर रही थीं।
चुनावी रण में भाजपा ने तीसरी बार महिला प्रत्याशी उतारी
कालका विधानसभा सीट पर पहली बार 1967 में विधानसभा चुनाव हुए। यहां अब तक 14 चुनाव हो चुके हैं। अब 15वां विधान सभा चुनाव है। कांग्रेस ने सात बार जीत दर्ज की है। इसके अलावा दो बार निर्दलीय, एक बार भाजपा, एक बार आईएनएलडी, एक बार लोकदल और एक बार जनता पार्टी ने चुनाव जीता। 14 चुनावों में दो बार महिला प्रत्याशियों को टिकट मिला। इसमें एक बार भाजपा महिला प्रत्याशी विधायक बनीं। दूसरी बार हार मिलने के बाद भाजपा ने प्रत्याशी बदलकर तीसरी बार भी महिला प्रत्याशी को चुनावी रण में उतारा है। कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों ने पुरुष प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है।
जिले में दो विधानसभा हलका
1995 में अस्तित्व में आए पंचकूला में अब दो विधानसभा हलके पंचकूला और कालका हैं। कालका विधानसभा सीट पहले अंबाला के अंतर्गत थी। 1995 से वर्ष 2009 तक पंचकूला में एक ही विधानसभा क्षेत्र था। परिसीमन के बाद जिले में पंचकूला और कालका अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र बन गए।
जिले में हैं 433369 मतदाता
अब जिले की दोनों विधानसभाओं में कुल 433369 मतदाता हैं। इनमें 227053 पुरुष वोटर, 206290 महिला मतदाता और 26 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कालका विधानसभा में 200297 वोटर हैं। इनमें 104426 पुरुष जबकि 95853 महिला वोटर और 18 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पंचकूला विधानसभा में 233072 वोटर शामिल हैं। इनमें 122627 पुरुष, 110437 महिला और आठ थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।