आईफोन और चोरी की बाइक बरामद, आरोपी पर पांच केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 में महिला से आईफोन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान चंडीगढ़ के मौली जागरा निवासी ओम प्रकाश उर्फ रवि और गांव बीड़ घग्गर निवासी कपिल के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.30 लाख रुपये का आईफोन-15 प्रो और वारदात में इस्तेमाल चोरी की अपाचे बाइक बरामद की है।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार, 13 नवंबर को सेक्टर-5 बिजली बोर्ड उपकेंद्र के सामने दो युवक महिला का फोन छीनकर फरार हो गए थे। शिकायत पर 17 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच ने 22 नवंबर को गांव बीड़ घग्गर के सत्संग भवन के पास दोनों को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल बाइक चार नवंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-19 स्थित सदर बाजार के पीछे से चोरी की गई थी। आरोपी कपिल ने अपने घर से छीना गया आईफोन बरामद करवाया। उसके खिलाफ पंचकूला के अलग-अलग थानों में चोरी के पांच मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि ऑपरेशन हंटडाउन के तहत स्नैचिंग और चोरी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।