सेक्टर-7 में मोबाइल झपटकर फरार हुए थे आरोपी, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-7 मार्केट में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मनीमाजरा निवासी युवक ने शिकायत दी थी कि 24 मई की सुबह सेक्टर-7 स्थित स्कूल के सामने काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। शिकायत के बाद थाना सेक्टर-7 पुलिस ने इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की।
जांच अधिकारी मुख्य सिपाही अमनदीप सिंह ने टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा के पास से आरोपी करण खान और सूरज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान करण खान के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। जांच में बाइक चोरी की निकली।
सृष्टि गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी सूरज के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग, एनडीपीएस और मारपीट के चार मामले दर्ज हैं, जबकि करण खान पर चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।