संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव अभयपुर के समीप शराब के ठेके के बाहर दो लोगों पर करीब 35 आरोपियों ने तलवारों और गंडासों से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राजीव काॅलोनी निवासी मनोज ने शिकायत में बताया कि वह बस चलाता है। वीरवार की शाम करीब 6 बजे शाम को वह अपने दोस्त श्याम के साथ बलटाना में था। उनके दोस्त दीपक ने फोन करके उनको अभयपुर के नजदीक ठेके पर खाने-पीने के लिए बुलाया।
दोनों ठेके पर पहुंच गए। ठेके से बीयर लेकर तीनों लोग पीने लगे। थोड़ी देर में विशाल तिवारी उर्फ पकौड़ा अभयपुर निवासी अपने दो लड़कों के साथ वहां आया और वे शराब पीने लगे। इसी दौरान दीपक और विशाल तिवारी के बीच किसी बात को लेकर मामूली बहस हो गई। शिकायतकर्ता ने विशाल को समझा बुझाकर भेज दिया। थोड़ी देर बाद विशाल तिवारी ने फोन करके और लड़के बुला लिए। मौके पर करीब 35 लड़के पहुंच गए। सबसे पहले लड़कों ने दीपक के भाई जो ठेके के पास था, उसे थप्पड़ और मुक्के मारे। शिकायतकर्ता और उसका दोस्त उसे छुड़ाने लगे तो विशाल ने उसके सिर पर गंडासी मारी व एक लड़के ने छुरी सिर में और पेट में बाई तरफ मारी।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथी श्याम पर भी जान से मारने की नियत से छुरी, तलवारों, रॉड से हमला कर उसको घायल कर दिया। शिकायतकर्ता आरोपी विशाल तिवारी, राकेश और मोटा अभयपुर निवासी को जानता है। अन्य को वह नहीं पहचानता। उसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों घायल ठेके के पास ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। किसी ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायलों को जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया। अस्पताल से सूचना पाकर सेक्टर-19 पुलिस चौकी के जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मनोज के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।