पंचकूला। साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर पंचकूला और चंडीगढ़ के दो लोगों से कुल 7.91 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला चंडीगढ़ निवासी रामकृष्ण से जुड़ा है। वह पंचकूला सेक्टर-17 में आधार ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर 2025 को फेसबुक पर एक लिंक दिखा जिसे क्लिक करने पर वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में शेयर ट्रेडिंग से भारी मुनाफे के दावे किए जा रहे थे। करीब पंद्रह दिन तक ग्रुप में लगातार उन्हें झूठे ऑफर देकर भरोसा दिलाया गया। इसके बाद रामकृष्ण ने छह अलग-अलग किस्तों में 4.45 लाख रुपये इन्वेस्ट कर दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर और रकम मांगी। शक होने पर उन्होंने जांच की तो पता चला कि पूरा सेटअप फर्जी था।
दूसरा मामला पंचकूला के भगवानपुर निवासी बृजपाल राणा से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि 25 जून 2025 को उनके मोबाइल पर एक टेलीग्राम लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने से वे एक ग्रुप में जुड़ गए, जहां दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर उन्हें इन्वेस्ट करने के लिए उकसाया गया। बृजपाल ने अलग-अलग किस्तों में 3.46 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने प्रॉफिट निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दी।