आरोपियों की पहचान उकलाना और रोहतक निवासी के रूप में हुई है, एक आरोपी जमानत पर आया है
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने 65 पेटी देसी शराब सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी केवल चंडीगढ़ में बेची जाने वाली शराब लेकर मनीमाजरा से दिल्ली जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उकलाना हिसार निवासी सचिन और रोहतक निवासी राजू के रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-26 की टीम रामगढ़ की तरफ गश्त कर रही थी। उसी समय सूचना मिली कि आरोपी शराब की तस्करी करते हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने सेक्टर 26/27 की तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरु कर दी। उसी दौरान एक कार आती दिखाई दी। नाके को देखकर चालक कार पीछे की तरफ मोड़ने लगा। पुलिस ने तुरंत कार को रुकवाकर जांच की तो शराब की 65 पेटियां बरामद हुई। सभी शराब की पेटियों पर फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली लिखा हुआ था। पुलिस ने शराब के लाइसेंस और परमिट के बारे में पूछा तो आरोपी कुछ भी पेश नहीं पाए। इसके बाद चंडीमंदिर थाने में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपियों से रिमांड के दौरान जानकारी जुटा रही है कि उन्होंने शराब कहां से ली और किसे सप्लाई करने जा रहे थे। शराब का विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल तो नहीं होना था। पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन पर सोनीपत में 400 पेटी शराब का मामला दर्ज है। वह जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ है।