पंचकूला। सेक्टर-22 आईटी पार्क में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर मामले में एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कॉल सेंटर के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सैयद फहद निवासी कश्मीर और डेनियल निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसआईटी इंचार्ज योगविंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी आईटी पार्क की एक इमारत के छठे फ्लोर पर बने कॉल सेंटर को मिलकर चला रहे थे। इनमें से एक को सेक्टर-20 पंचकूला से जबकि दूसरे को दिल्ली से पकड़ा गया। पूछताछ में कई अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
आरोपी आई स्पेस टेक्नोलॉजी के नाम से चला रहे थे कॉल सेंटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आई स्पेस टेक्नोलॉजी के नाम से कॉल सेंटर चलाते थे। इनके निशाने पर विदेश में बैठे लोग होते थे, जिन्हें ओटीटी रिचार्ज और बैंकिंग सेवाओं का झांसा देकर साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था। कॉल सेंटर से भारी मात्रा में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
किन खातों में ट्रांसफर हुआ ठगी का पैसा, एसआईटी लगा रही पता
एसआईटी अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी का पैसा किन खातों में ट्रांसफर किया गया और नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि 10 दिन की रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में कई और नाम सामने आने की संभावना है।