पंचकूला। जिला परिषद की स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत 25 लाख रुपये की फर्जी पेमेंट कराने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल (गांव बागवाली) और संजीव कुमार गांव टिब्बी) के रूप में हुई है। पुलिस शनिवार को दोनों को अदालत में पेश करेगी। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में 8 दिन की पुलिस रिमांड पर हैं।
फर्जीवाड़ा कैसे हुआ सामने
जिला परिषद के अकाउंट्स ऑफिसर संजय कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि एसबीएम-जी योजना के तहत जारी होने वाली एक पेमेंट फाइल में सीईओ के फर्जी हस्ताक्षर कर हेडक्वार्टर भेजा गया था। इस फाइल के जरिए निजी एजेंसी रुबानी इंटरप्राइजेज के खाते में 20 लाख और जिला परिषद कर्मचारी दिनेश के खाते में 5 लाख रुपये ट्रांसफर करने की कोशिश की गई।
हेडक्वार्टर के अधिकारी को सिग्नेचर संदिग्ध लगा और उन्होंने तुरंत जिला परिषद कार्यालय को सूचित किया। जांच में पुष्टि हुई कि हस्ताक्षर फर्जी थे और फाइल को गुपचुप तरीके से पास कराने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।