संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गैस कनेेक्शन बंद होने का झांसा देकर सेक्टर-20 निवासी बुजुर्ग से दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग ने बताया कि वे प्राइवेट कंपनी से सेवानिवृत्त हैं। 6 सितंबर को वे अपने फ्लैट पर थे। शाम करीब 4.15 बजे उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। उसमें लिखा था कि आपका गैस कनेक्शन बंद हो गया है। आप एमएनजीएल ऑफिस नंबर पर संपर्क करें।
मैसेज में नंबर लिखा हुआ था। शिकायतकर्ता ने दिए नंबर पर कॉल किया तो व्यक्ति ने अपना नाम अंकुर शर्मा बताया और कहा कि वह एमएनजीएल में ऑफिसर है। उसने बताया कि आप का कनेक्शन बंद हो गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी से कहा कि उन्होंने कनेक्शन के पैसे भर दिए हैं तो आरोपी ने कहा कि यहां पर रिकार्ड अपडेट नहीं हुआ है। आप अपने आईडी के साथ ऑफिस में संपर्क करें। शिकायतकर्ता ने आरोपी से कहा कि वे बाहर नहीं जा सकते हैं। इस पर आरोपी ने कहा कि आपका रिकार्ड अपडेट करने में सहायता कर सकता हूं। आप निर्देशों का पालन करेंगे तो पुणे आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आरोपी ने कहा कि आप गुगल में जाकर एमएनजीएल क्विक की एप को डाउनलोड करें। शिकायतकर्ता ने एप डाउनलोड की और अपना गैस कनेक्शन नंबर उस एप में डाला। आरोपी को गैस कनेक्शन नंबर का पता था, जिस कारण उनको आरोपी पर विश्वास हो गया। आरोपी ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिवेट करा ली और उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।
आरोपी ने 29 रुपये का रिचार्ज करवाया
आरोपी ने उनसे 29 रुपये का मोबाइल नंबर रिचार्ज करवाया। उसके बाद उन्हें पता चला कि आरोपी के पास उनका खाता कैसे चला गया। शिकायतकर्ता ने न ही उसको कोई ओटीपी बताया और न ही अपना खाता नंबर बताया। उनको शक हुआ तो उन्होंने फोन काट दिया। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनके खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए हैं। उन्होंने तुरंत 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई।