माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। डेंगू के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामला नियंत्रण से बाहर होता देख ठीकरा फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला मलेरिया अधिकारी को उनके पद से हटाकर वापस भेज दिया गया है। वे अब एनएचएम में बतौर डिप्टी डायरेक्टर काम देखेंगे। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम के दौरे की रिपोर्ट के बाद यह कदम उठाया गया है। वीरवार को यमुनानगर से आई एंटोमोलॉजिकल टीम ने पंचकूला का दौरा किया। टीम शुक्रवार को भी कई जगहों का दौरा करेगी। इसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट देगी। जानकारी के अनुसार डेंगू के मामले में कई अधिकारियों पर गाज गिरने की संभावना है। अधिकारी किसी तरह ठीकरा एक दूसरे पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले में सर्वाधिक चिंताजनक बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग के नाक के नीचे सेक्टर-6 में डेंगू नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। यह स्थिति तब है जब सभी सरकार विभागों के प्रदेशस्तरीय कार्यालय सेक्टर-6 में हैं। सूत्रों का कहना है कि किसी भी तरह की कार्रवाई से बचने के लिए अधिकारी और कर्मचारी अपने मातहतों को तलाशने लगे हैं।
एक माह से रोजाना 15 से अधिक डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग सर्वे और नोटिस तक ही सीमित नजर आ रही है। लोगों को जागरूक करने और फॉगिंग करने के बाद भी लारवा खत्म नहीं हो रहा है। इसे लेकर हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दौरा कर बैठक की।जानकारी के अनुसार इसमें जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले के काम से असंतुष्टि जाहिर की गई।
टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
पंचकूला जिले में डेंगू के मामले सामने आने के बाद यमुनानगर से एंटोमोलॉजिकल की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों को दौरा किया। इसमें टीम ने वीरवार को शहर के सेक्टर-6, 11, 15, 16, 17, पुराना पंचकूला सहित अन्य जगहों की जांच की। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों के सैंपल लिए। अब टीम दोबारा सैंपल लेगी। टीम की तरफ से शुक्रवार को दौरा किया जाएगा।
डेंगू के 15 नए मामले सामने आए
जिले में डेंगू के 16 नए मामले सामने आए हैं। पंचकूला में अब तक 469 लोग पीड़ित मिल चुके हैं। अर्बन पंचकूला में 204, ओल्ड पंचकूला में 75, सूरजपुर में 86, नानकपुर में पांच, कालका में 21, पिंजौर में 58, मोरनी में सात, कोट में छह, बरवाला में दो और रायपुररानी में पांच मामले सामने आए हैं। लगातार डेंगू के मामले मिलने के बाद विभाग ने सेक्टर-15-16 में फॉगिंग कराई है।
पंचकूला में जिला मलेरिया अधिकारी के पद से डॉ. सुरेश भोसले को वापस भेजा गया है। उनको पंचकूला स्वास्थ्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। यमुनानगर से आई टीम सैंपल ले रही है। विभाग की ओर से फॉगिंग करवाई जा रही है। - डॉ. स्नेह, सीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6