पंचकूला। साइबर थाना पुलिस ने 15 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को सिरसा से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि दूसरे से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। आरोपियों की पहचान अभय कुमार और जतिन कुमार उर्फ जयंत निवासी सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पिंजौर निवासी व्यक्ति ने 31 जुलाई 2024 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा था कि 11 मई 2024 को फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखाई दिया जिसमें शेयर मार्केट में निवेश का लिंक दिया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि लिंक पर क्लिक करने के बाद उनसे एक वेबसाइट से व्यक्तिगत दस्तावेज अपलोड करने को कहा गया। प्रारंभिक लेनदेन में थोड़े लाभ का दिखावा कर आरोपियों ने भरोसा जीत लिया और बाद में विभिन्न तरीकों से 15 लाख 74 हजार रुपये की ठगी कर ली। जांच के दौरान साइबर थाना प्रभारी एसएचओ युधवीर सिंह की अगुवाई में टीम ने सिरसा में दबिश देकर आरोपियों को वीरवार को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद अभय कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जबकि जतिन कुमार से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है ताकि ठगी की रकम की रिकवरी की जा सके।