पंचकूला। पीसीआर पर पथराव कर फरार आरोपियों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी लॉक डाउन में वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार थे। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान सेक्टर-17 इंदिरा कॉलोनी निवासी रोहित खेरवाल और आकाश चौहान के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।
दरअसल बीते माह पीसीआर के पुलिसकर्मी गश्त पर थे। उस दौरान कुछ लोगों ने पीसीआर पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में पीसीआर क्षतिग्रस्त हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में सेक्टर-14 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीसीआर को नुकसान पहुंचाने, लॉक डाउन के आदेशों की अवहेलना करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के तहत केस दर्ज किया था।