संवाद न्यूज एजेंसी, पंचकूला। एटीएम से पैसे निकालने में मदद के बहाने बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अलग-अलग बैंकों के 70 एटीएम कार्ड, एक पीओएस मशीन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। उनकी पहचान हिसार निवासी मनोज कुमार और भिवानी निवासी अनिल के रूप में हुई है। दोनों चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस को 14 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि दोनों सेक्टर-20 की मार्केट में एटीएम के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया। मनोज से 43 और अनिल से 27 एटीएम कार्ड मिले।
पिन देखकर बदलते थे कार्ड
पूछताछ में पता चला कि आरोपी मदद के बहाने लोगों का पिन जानकर असली कार्ड की जगह दूसरा कार्ड थमा देते थे। फिर खातों से रकम निकालते थे। एटीएम में छूटे कार्ड से पीओएस मशीन के जरिए पैसे निकालने की बात भी सामने आई है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के अनुसार, रिमांड में गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों की जांच होगी।