पंचकूला। हाईवे किनारे सेक्टर-3 में डायल 112 के दफ्तर के सामने एक जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे गन पॉइंट पर मुंबई की एक आईटी कंपनी में काम करने वाले युवक आरिफ शेख को उसी की कर में किडनैप कर उसकी मर्सिडीज कार और सोने की चेन लूट ली गई थी। इस मामले में सीआईए स्टाफ ने सोमवार को दो आरोपियों को मट्टावाला बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई मर्सिडीज कार और सोने की चेन बरामद करने की कोशिश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी पंजाब और हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्ड एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम सुखबीर और सुखदीप हैं और दोनों ही पंजाब में कीरतपुर शहर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी का भी पता लगाएगी। साथ ही यह भी पता लगाएगी कि इस वारदात के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी और क्या तीनों पेशेवर लुटेरे हैं या किसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया है।
ऐसे लूटी थी मर्सिडीज
एक जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे कालका-जीरकपुर हाईवे पर सेक्टर-3 के पास डायल-112 के दफ्तर के सामने आरिफ शेख नाम के युवक को एक्सयूवी में सवार होकर आए चार बदमाशों में से तीन ने नीचे उतरकर गन पॉइंट पर पहले मारपीट की थी, जबकि एक्सयूवी में सवार युवक कार लेकर मौके से चला गया था। इसके बाद उसकी ही कार में अगवा करके करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाकर मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली थी। इसके बाद उसको जीरकपुर और चंडीगढ़ घुमाया और इसके बाद तीनों लुटेरे आरिफ शेख को उसकी ही कार में पंचकूला के रास्ते हिमाचल प्रदेश की ओर निकल गए थे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के टोल प्लाजा के पास उसे गाड़ी से बाहर फेंककर उसकी मर्सिडीज कार लूटकर भाग गए थे। मुंबई की आईटी कंपनी में काम करने वाले आरिफ शेख ने सेक्टर-19 पुलिस चौकी में वारदात की शिकायत दी थी।