पंचकूला। ट्यूबवेल की मोटर में खराबी आने के कारण सेक्टर-19 के लोग 10 दिन से पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से शिकायत नहीं की, लेकिन किसी ने उनकी परेशानी को दूर करने की जहमत नहीं उठाई। लोगों का कहना है कि जब भी वह शिकायत लेकर ऑपरेटर के पासे जाते हैं तो उन्हें फेस-2 में बैठने वाले जेई पास जाने को कहा जाता है। गली नंबर-5 के लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि जब सर्दी में ये स्थिति है तो गर्मी में क्या होगा।
क्षेत्र में पिछले 10 दिन से पानी की समस्या है। 24 घंटे में मात्र दो घंटे ही पेयजल की सप्लाई हो रही है। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन समाधान नहीं हुआ। - विनोद, सेक्टर-19 निवासी।
पानी की समस्या को लेकर कई बार ट्यूबवेल ऑपरेटर के पास जा चुके हैं। लेकिन वह हर बार जेई से बात करने को कहता है। ऑपरेटर का कहना है कि मोटर में तकनीकी खराबी है, जिसके चलते पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। - विपिन, सेक्टर-19 निवासी।
अभी तो सर्दी के मौसम है जब लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है तो जब गर्मी आएगी तो क्या हाल होगा। विभागीय अधिकारियों के अभी से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। - प्रदीप, सेक्टर-19 निवासी।
ट्यूबवेल से होने वाले पेयजल की सप्लाई का प्रेशर बहुत ही कम होता है, जिसके चलते पहली मंजिल पर रखी टंकी में पानी नहीं चढ़ता है। अधिकारियों को पेयजल सप्लाई ठीक करना चाहिए। - अमनदीप, सेक्टर-19 निवासी।
- तीन दिन पहले ट्यूबवेल की मोटर में खराबी आई थी, जिसे विभागीय टीम ठीक करने में जुटी हुई है। मिट्टी वाला पानी आ रहा है। यदि मोटर ठीक नहीं हुआ तो दो तीन दिन के अंदर दूसरे स्थान पर नया बोर करके लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। ट्यूबवेल खराब होने के कारण आधे घंटे की सप्लाई में कटौती की गई है। - हरेंद्र मलिक, पार्षद