पंचकूला। निगम ने बिजली संबंधी शिकायतों और अपने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक नई पहल की है। इसके तहत उपभोक्ता घर बैठे बिजली कट, फॉल्ट, फ्ल्क्चुएशन, बिजली मीटर में खराबी से संबंधित शिकायत कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को शिकायत प्रबंधन प्रणाली को फॉलो करना होगा। उपभोक्ता द्वारा शिकायत किए जाने के आधे घंटे के भीतर समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं अगर ज्यादा समय लगता है, तो उपभोक्ताओं को बिजली निगम सूचित करेगा।
ज्यादा बिजली बिल आया तो ट्रस्ट रीडिंग से मिलेगी मदत
पंचकूला में ज्यादा बिजली बिल आने से उपभोक्ता पिछले कई सालों से परेशान हैं। इस समस्या के समाधान के लिए बिजली निगम ने ट्रस्ट मीटर रीडिंग प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। रीडिंग में कोई दिक्कत है तो उपभोक्ता इस प्रोजेक्ट में निगम की साइट पर खुद इसे अपडेट कर पाएंगे। जिले के साथ 40 से अधिक शहरों में योजना की शुरुआत प्रथम चरण में हुई है। इस योजना में मीटर की रीडिंग लेकर उपभोक्ता खुद उसे निगम की वेबसाइट पर अपडेट कर सकेंगे। इसके बाद संशोधित बिल के अनुसार निगम की ओर से लोगों के घरों में बिल भेजा जाएगा। इसकी पुष्टि बिजली निगम के एक्सईएन संजीव सिवाच ने की।
निगम की साइट से ऐसे कर पाएंगे अपडेट
बिजली निगम की साइट पर जाकर ट्रस्ट रीडिंग की सुविधा को उपयोग कर पाएंगे। इस साइट पर जाकर ट्रस्ट रीडिंग के आइकन पर क्लिक करने से फार्मेट खुलेगा। इसमें उपभोक्ता अपनी फोटो, बिजली कनेक्शन अकाउंट नंबर, मीटर रीडिंग की जानकारी देकर उसे अपडेट कर सकेंगे। यह सुविधा घरेलू गैर घरेलू और एलटी औद्योगिक श्रेणियों अधिकतम 20 किलोवाट तक लोड के लिए है। जो इस श्रेणी में आते हों वही उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
नए कनेक्शन के लिए भी विभाग की साइट से आवेदन कर सकते हैं। लिंक को क्लिक करते ही उसमें पूरी डिटेल भरने के बाद लास्ट में अप्लाई बटन पर क्लिक करना होगा। नए बिजली कनेक्शन के लिए पास अलॉटमेंट लेटर, आधार कार्ड, वोटर कार्ड ये डॉक्यूमेंट होने जरूरी हैं। लिंक की मदद से बिजली उपभोक्ता बिजली का लोड बढ़ाने या घटाने के लिए आवेदन भी दे सकेंगे।
मीटर रीडिंग की शिकायत..........
मीटर रीडिंग की शिकायत ट्रस्ट बिल के माध्यम से कर सकेंगे। लिंक पर क्लिक करते ही सबसे पहले अपना बिजली अकाउंट नंबर डालना होगा। उसके बाद दूसरे पेज में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, मीटर रीडिंग से जुड़ी सभी जानकारी भरनी होगी। ध्यान रहे इस लिंक के माध्यम से 20 किलोवाट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ता ही शिकायत कर सकेंगे।
रीडिंग व बिल संबंधित शिकायतें हैं उसका निवारण ट्रस्ट रीडिंग के जरिए किया जा सकता है। निगम द्वारा यह योजना चलाई गई है। उपभोक्ता घर बैठे फायदा उठा सकते हैं। बिल ठीक करवाने के लिए निगम कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। संजीव सिवाच, एक्सईएन, बिजली निगम।