आठ जनवरी को है बेटी की शादी, घर में छाया मातम, चालक ट्रक समेत फरार, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। बदहाल बरवाला रोड पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। वीरवार रात एक ट्रक चालक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल चला रहा फैक्टरी के मैनेजर सड़क पर गिर गए और ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ज्ञान चंद (56) निवासी मकान नंबर 392पी, सेक्टर 20 पंचकूला के रूप में हुई है। बता दें कि मृतक की बेटी की आठ जनवरी को शादी है। खुशहाल घर में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी देते हुए एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि ज्ञान चंद बेहड़ा गांव के पास स्थित ओसविन फैक्टरी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बीती रात ज्ञान चंद अपने सहकर्मी संतोष कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर डेराबस्सी की तरफ आ रहे थे। भगवानपुर गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चला रहे संतोष सड़क के दूसरी ओर गिर गया और ज्ञान चंद सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रक उनके सिर के ऊपर से गुजर गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, इस कारण ट्रक चालक को ढूंढने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।