पिंजौर। एंटी नारकोटिक्स सेल ने भुक्की की तस्करी में एक आरोपी का गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सिंह निवासी गांव कोना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने उसको तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ के आधार पर पिंजौर और कालका में आरोपियों को पकड़ने के लिए छापा मार रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कोना निवासी धर्मेंद्र सिंह ड्राइविंग के साथ-साथ भुक्की बेचने का काम करता है। वह अपने गांव कोना के बाहर सड़क पर किसी शख्स को भुक्की बेचने आएगा। इसी आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने गांव पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से प्लास्टिक के थैले में दस किलो सौ ग्राम भुक्की बरामद की गई। आरोपी लाइसेंस पेश नहीं कर सका। एंटी नारकोटिक्स सेल के पीएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।