पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ लिया। पुलिस ने धर्मपाल सिंह उर्फ धर्मा (पानीपत) और हरिंद्र उर्फ खोटे (नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया।
टीम को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पंचकूला-बरवाला हाईवे पर रामगढ़ के पास नाकाबंदी कर ट्रक रोका गया और तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे 732 पेटी में 8784 बोतल शराब बरामद हुई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से बिहार भेजी जा रही थी।