पंचकूला। गर्मी का मौसम शुरू होते ही शहर के कई सेक्टरों में पेयजल की किल्लत हो गई है। कहीं पानी समय पर नहीं पहुंच रहा है, तो कहीं कम दबाव की समस्या बनी हुई है। लोगों को पानी की व्यवस्था करने के लिए टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब अप्रैल में यह हाल है तो मई और जून में शहरवासियों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। शहर में सबसे ज्यादा परेशानी सेक्टर-15 और 20 में चल रही है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि उन्हें जो भी शिकायत मिल रही है, उनका त्वरित समाधान कराया जा रहा है।
सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर, एसई, एक्सईएन सहित अन्य कई अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत भेजी है। इसमें पानी का दबाव कम होने और आपूर्ति का समय सही नहीं होने की शिकायत की गई है। इसके अलावा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-20 के वॉइस प्रेसिडेंट योगिंदर क्वात्रा ने भी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के वाटर सप्लाई विभाग के एसई को शिकायत में बताया कि सप्लाई नहीं आने के कारण उन्होंने 7 हजार लीटर पानी का ऑर्डर टैंकर चालकों को दिया है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने की मांग की है।
टीम की जांच में भी सामने आया कम दबाव
सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के वॉइस प्रेसिडेंट योगिंदर क्वात्रा ने बताया कि शिकायत पर एचएसवीपी की टीम ने सेक्टर का दौरा किया। जीएच 64 समेत कई सोसायटी में कम दबाव मिला है। पानी नहीं मिलने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। गर्मी का मौसम होने के बावजूद लोगों को नहाने तक का पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
जहां से भी लोगों की शिकायत आ रही है, उनका समाधान किया जा रहा है। अगर फिर भी कहीं ऐसी दिक्कत है, तो वे विभाग को सूचित कर सकते हैं। लोगों की समस्याओं को दूर करना हमारी प्राथमिकता है। - उमेश, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण