पंचकूला। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा उचित मूल्य पर आसानी से तिरंगा उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए जिले के चार पीआर केंद्रों पर 33 हजार जबकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की 121 उचित मूल्य की सरकारी दुकानों पर तिरंगा उपलब्ध करवाया गया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नीरज शर्मा ने बताया कि जिले की सभी उचित मूल्यों की दुकानों पर तीन अगस्त से तिरंगा मिलना शुरू हो जाएगा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आम जनता उचित मूल्य की दुकानों से 20 रुपये प्रति झंडे के हिसाब से तिरंगा खरीद सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंचकूला के पीआर केंद्र पंचकूला के लिए 10 हजार झंडे, बरवाला केंद्र के लिए चार हजार झंडे, कालका केंद्र के लिए 10 हजार झंडे और रायपुररानी केंद्र के लिए नौ हजार झंडे उपलब्ध करवा दिए हैं।