शहीद मेजर संदीप सागर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गु?
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। विजय दिवस की 21वीं वर्षगांठ पर रविवार को जिले में कई जगह आयोजित कार्यक्रमों में कारगिल शहीदों को नमन किया गया। पंचकूला के सेक्टर-12 स्थित युद्ध स्मारक, सेक्टर-2 स्थित मेजर संदीप सांखला, सेक्टर-8 स्थित मेजर संदीप सागर की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस के जवानों ने शस्त्र उल्टे कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर मातमी धुन बजाई। इन सभी आयोजनों के दौरान कोविड-19 के चलते सामाजिक दूरी संबंधी नियमों का पालन किया गया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शहीदों की याद में पौधरोपण कर उनको श्रद्धांजलि दी।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारत माता के वीर सपूतों ने 18 हजार फुट की ऊंचाई पर अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देकर पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कारगिल की चोटी पर तिरंगा फहराया था। विपरीत परिस्थितियों में कारगिल युद्ध लड़कर हमारे जवानों ने बहादुरी का परिचय दिया। कारगिल के शहीदों का बलिदान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कारगिल युद्ध में हमारे 527 वीर शहीद हुए थे। इनमें हरियाणा के भी 89 जवान शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए शहादत दी। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में लगभग 1400 सैनिक घायल हुए।
गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सैनिकों के परिवारों के आश्रितों के कल्याण के लिए अलग से सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है। इसके माध्यम से वित्तीय सहायता एवं अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के दौरान सेना प्रमुख जनरल वीपी मलिक, एसडीएम धीरज चहल, एसीपी राजकुमार, तहसीलदार पुण्यदीप शर्मा, नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जनरैल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेंद्र मलिक, योगेश शर्मा सहित कई पूर्व सेना अधिकारियों ने भी कारगिल शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद मेजर संदीप सागर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7 में भी कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।