माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिला प्रशासन और आयुष विभाग के द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन शुक्रवार को सेक्टर-5 के परेड ग्राउंड में सुबह 6 से 7ः30 बजे तक करीब 650 से अधिक लोगों ने योग किया। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन जिला परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा आयुष विभाग के महानिदेशक आईएएस डॉ. साकेत कुमार ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खंगवाल, नगराधीश राजेश पुनिया भी उपस्थित रहे।
आयुष विभाग की योग विशेषज्ञ रितू मित्तल, पतंजलि योग समिति से प्रेम आहूजा के नेतृत्व में सत्यपाल सिंह, पूनम सिन्हा और अश्विनी कुमार ने योग प्रोटोकाॅल का अभ्यास करवाया। प्रशिक्षण शिविर का आंरभ प्रार्थना मंत्र के उच्चारण से किया गया। इसके बाद योग क्रियाओं जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्त, अर्धचक्रासन, वज्रासन, उत्तानमुंडक उष्ट्रासन, वक्रासन, मक्रासन, शलभासन, सेतुबंध, उत्तानपादासन, पवनमुक्त, अर्धहलासन, अनुलोम -विलोम, भ्रामरी का अभ्यास करवाकर यौगिक क्रियाओं द्वारा होने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि योग करने से लोगों का स्वास्थ्य ठीक रहता है।