सेक्टर-14 में लगने वाली अपनी मंडी की वजह से लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। क्योंकि मंडी में सामान खरीदने के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही लगा देते हैं। इससे सेक्टर-14 और 15 की डिवाइडिंग रोड पर जाम की स्थिति बनती है। हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड ने सेक्टरों में लोगों की सहूलियत के लिए अपनी मंडी की सुविधा दी है। अवैध तरीके से पार्क हुए वाहनों को हटाने के लिए बोर्ड के कर्मचारी और पुलिसकर्मी तैनात होते हैं। इसके बावजूद जाम लगता है। जिला प्रशासन का भी इस ओर ध्यान नहीं है। इसकी शिकायत कुछ एसोसिएशन ने हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक, जिला प्रशासन व पुलिस को दी है।
सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन पंचकूला के अध्यक्ष एसके नैय्यर का कहना है कि पुलिस को जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।सुनील वशिष्ठ का कहना है कि चार माह पहले मंडी बोर्ड, पंचकूला डीसी, डीसीपी को अपनी मंडी के दौरान लगने वाले जाम की स्थिति से अवगत करवाया था, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। डिप्टी मेयर सुनील तलवार का कहना है कि मंडी वाले दिन पुलिस का प्रॉपर इंतजाम होना चाहिए। ताकि लोग सड़कों पर वाहन न खड़ा करे। अगर लोग उसके बाद भी नहीं मान रहे हैं तो उनका चालान होना चाहिए।