पंचकूला। घने कोहरे और कम दृश्यता के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने विशेष सतर्कता एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत जिले के प्रमुख हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित होर्डिंग्स लगाए गए। सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक के नेतृत्व में चंडीमंदिर टोल प्लाजा, बिल्ला कट, गोलपुरा, मल्लाह मोड़ और सुखोमाजरी बायपास सहित कई स्थानों पर वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की कि कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ओवरटेकिंग से बचें और लाइट्स का सही उपयोग करें।