अवैध अड्डों पर बसें खड़ी कर यातायात में बन रही थीं बाधा, पुलिस ने कार्रवाई के साथ चालकों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। सड़क किनारे अवैध रूप से बसें खड़ी कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह प्राइवेट बसों के चालान किए। अवैध अड्डों पर खड़ी की जा रही बसों के कारण जाम की स्थिति बन रही थी और राहगीरों व अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सूरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी बसों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाली छह प्राइवेट बसों के चालान किए। पुलिस के अनुसार बस चालक निर्धारित स्थानों के बजाय अवैध अड्डों पर वाहन खड़े कर रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था बार-बार प्रभावित हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान बस चालकों को भविष्य में केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि जिले में अवैध पार्किंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और जाम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।