चंडीगढ़ में सेक्टर-27 मध्य मार्ग पर सड़क की मरम्मत के चलते रविवार को दिन भर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। प्रशासन की ओर सेक्टर-7/19/26/27 चौक पर सड़क बनाने का काम चल रहा था, इसके चलते पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। स्थिति यह रही कि ग्रेन मार्केट सेक्टर-26 से सेक्टर-27 के चौक तक का पूरा रास्ता वाहनों से जाम था और आधे मिनट की यह दूरी तय करने में वाहन चालकों को आधे घंटे से भी अधिक का समय लगा।
दो पहिया वाहन चालक तो साइकिल ट्रैक से किसी तरह निकल जा रहे थे लेकिन चारपहिया वाहन चालकों के लिए लाइन में लगने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। ट्रैफिक पुलिस ने भी ग्रेन मार्केट चौक पर कोई डायवर्जन नहीं किया था और न ही बैरिकेडिंग की थी, ऐसे में वाहन चालक जाम में फंसते गए। छुट्टी का दिन होने के कारण लोग अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे। लोगों ने शहर की विभिन्न जगहों के साथ कलाग्राम क्राफ्ट मेले में जाने का प्लान बनाया था।
चूंकि मेले का अंतिम दिन होने के कारण लोगों की संख्या कुछ ज्यादा थी। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से सेक्टर-27 के चौक से स्लिप रोड से वाहनों को निकालकर सेक्टर-19/27 स्थित डिवाइडिंग को तोड़कर वाहनों के पुन: मध्य मार्ग पर निकलने की व्यवस्था की थी लेकिन यह मार्ग काफी संकरा था, इस कारण वाहनों को निकलने में समय लग रहा था। वाहनों की संख्या ज्यादा होने के कारण लगभग डेढ़ किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। लोगों को निकलने में आधे घंटे से अधिक समय लग रहा था।
हालांकि शाम करीब साढ़े सात बजे तक जाम से लोगों को निजात मिल गई लेकिन दिनभर यहां लोग जाम से जूझते रहे।