अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार अब राज्य में ट्रैफिक सेंसस कराएगी। ट्रैफिक सेंसस में राज्य भर के जिलों में सड़कों के पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण, डॉर्क स्पॅाट हटाए जाने के संबंध में सरकार को जानकारी दी जाएगी।
30 सितंबर तक ट्रैफिक सेंसस कर सरकार को रिपोर्ट दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर राज्य में सड़कों की मौजूदा स्थिति को सुधारा जाएगा। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि ट्रैफिक सेंसस सड़कों के अपग्रेडशन और नए निर्माण को और तर्कसंगत बनाने में सहायक सिद्ध होगा। इसके अलावा ट्रैफिक सेंसस के जरिये सड़क यातायात को और सुरक्षित बनाया जा सकेगा जिससे दुर्घटनाओं में कीमती जानमाल के नुकसान से भी बचाव होगा।
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने लोनिवि और पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों के साथ वीरवार को राज्य की सड़कों और पुलों को बेहतरीन बनाने के लिए किए जाने वाले कामों संबंध में एक मीटिंग की। इसमें विभिन्न स्कीमों के अधीन और विशेष तौर पर लिंक सड़कों संबंधी प्रस्तावित और चल रहे कामों का जायजा लिया गया। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग प्रशासनिक सचिव रवि भगत और पंजाब मंडीकरण बोर्ड के सचिव रामवीर के साथ-साथ विशेष सचिव हरगुनजीत कौर और विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद थे।