29 और 30 अगस्त को कालका-शिमला-कालका एक्सप्रेस व हिम दर्शन एक्सप्रेस का संचालन
मलबा हटने के बाद रेलवे ने जारी किए आदेश
तारादेवी, कोटी और गुम्मन क्षेत्र में मलबा आने से प्रभावित हुई थीं सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। खराब मौसम और पहाड़ियों से मलबा आने के कारण प्रभावित हुई विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग की टॉय ट्रेन सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कार्यालय ने 29 और 30 अगस्त को चार प्रमुख ट्रेन सेवाओं के संचालन के आदेश जारी किए हैं। इससे शिमला जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों को राहत मिलेगी।
पिछले दिनों तारादेवी, कोटी और गुम्मन क्षेत्र में मलबा आने से रेल सेवाएं प्रभावित हुई थीं। सुरक्षा कारणों से कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था, जिससे यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा।
रेलवे के अनुसार 29 और 30 अगस्त को 52451/52452 कालका-शिमला-कालका एक्सप्रेस तथा 52459/52460 कालका-शिमला-कालका हिम दर्शन एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। इससे पहले 22 और 23 अगस्त को भी इन ट्रेनों का संचालन किया गया था।
रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ, एसएंडटी, विद्युत, कॉमर्शियल कंट्रोल, ट्रैफिक कंट्रोल, इंजीनियरिंग और टीआरडी विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को रेल मार्ग की लगातार निगरानी रखने और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।