संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। फर्जीवाड़ा कर पिंजौर के धर्मपुर निवासी एक व्यक्ति के नाम पर 9.50 लाख रुपये का लोन लेने वाले आरोपी को सेक्टर-12 साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर सोनीपत निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लोन लिया। बैंक से आरोपी की डिटेल निकाली गई तो वह सोनीपत की आई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से रुपये रिकवर किए जाएंगे और उसके अन्य साथी को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिकवरी एजेंट पहुंचा लोन की किस्त लेने
धर्मपुर निवासी सागर गुप्ता ने शिकायत में बताया कि उनकी पिंजौर में इवेंट पार्टी का काम है। 20 मई 2024 को उनकी दुकान पर परमजीत सिंह नाम का व्यक्ति आया। उसने स्वयं को लैंडिंग कार्ड कंपनी का रिकवरी एजेंट बताया। उक्त व्यक्ति ने कहा कि उसने बैंक से 9.50 लाख रुपये का लोन लिया है। उसकी एक भी किश्त जमा नहीं करवाई है। इस पर शिकायतकर्ता ने लोन नहीं लेने की बात कही। एजेंट ने दस्तावेज चेक किया तो लोन में दिए दस्तावेजों से उसका मिलान नहीं हुआ।
एजेंट ने आधार कार्ड की फोटो शिकायतकर्ता को दिखाई। उस पर उनकी फोटो नहीं थी, पर आधार कार्ड पर नाम सागर लिखा हुआ था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपना आधार कार्ड दिखाया। दोनों आधार कार्ड आपस में मैच नहीं हो रहे थे। इसके बाद शिकायतकर्ता की दुकान पर अगले दिन लैंडिंग कार्ड कंपनी से रचना देवी आईं और उन्होंने अपनी ई-मेल आईडी देकर उस पर शिकायतकर्ता को अपने सारे दस्तावेज और पूरी डिटेल भेजने को कहा ताकि कंपनी को फर्जीवाड़े की जानकारी दी जा सके। शिकायतकर्ता ने अपने दस्तावेज ई-मेल आईडी पर भेज दी। इसके बाद पुलिस मेंं शिकायत दर्ज करवाई गई।