रायपुररानी। कस्बे में पुलिस स्टेशन के बाहर स्थित सार्वजनिक शौचालय जर्जर हालत के कारण बंद कर दिया गया है। इसके प्रवेश द्वार पर कांटे डालकर रास्ता रोक दिया गया है। इससे बस स्टैंड के आसपास आने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी नवीन कुमार ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी धन से बना शौचालय लंबे समय से बंद है।
बीडीपीओ कार्यालय से महज 350 कदम की दूरी पर होने के बावजूद इसकी सुध नहीं ली जा रही। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधा बंद रहने से आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि, इस संबंध में ग्रामीणों ने अब तक बीडीपीओ या पंचायत कार्यालय में लिखित शिकायत नहीं दी है।
वहीं, सरपंच परमजीत कौर ने बताया कि शौचालय की हालत उपयोग करने लायक नहीं है। जर्जर ढांचे को तोड़कर नया शौचालय बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से इसे बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि नया शौचालय बनने तक ग्रामीण और यात्री बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय का इस्तेमाल कर सकते हैं।