चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि उनकी पार्टी की तरफ से शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा जाएगा। साथ ही 27 जनवरी को वह खुद ट्रैक्टर से विधानसभा पहुंचेंगे और दोबारा से साइन करके इस्तीफा देंगे।
वीरवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में चौटाला ने कहा कि स्पीकर ने उनसे कहा है कि ‘मैं स्वैच्छिक इस्तीफा देता हूं’ लिखकर देना चाहिए। अभय ने कहा कि स्वेच्छा से वह इस्तीफ़ा देता है जो अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकता। वह चौधरी देवीलाल के सिद्धांतों की पार्टी से हैं, जिन्होंने लोगों के लिए कभी पद को बड़ा नहीं समझा। एक अन्य सवाल के जवाब में चौटाला ने कहा कि उनके लिए विधायक का पद कोई मायने नहीं रखता और उनके इस्तीफे में कोई शर्त नहीं है, लेकिन किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए इस्तीफ़ा दे रहा हूं, यह लाइन जरूर लिखुंगा। इस्तीफे पर दिग्विजय चौटाला द्वारा अंगूठा कटा कर शहीद होने के जवाब में अभय चौटाला ने कहा कि इसी अंगूठे से इनका तिलक करूंगा। वहीं, जेजेपी के विधायकों को दिल्ली ले जाने पर निशाना साधते हुए चौटाला ने कहा कि जेजेपी का बीजेपी में विलय हो चुका है।