टोडा लिंक सड़क मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीण परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
टोडा-ककराली सड़क मार्ग जर्जर, गड्ढों से ग्रामीण परेशान
बरवाला। गांव टोडा से ककराली बस स्टॉप तक जाने वाला लिंक सड़क मार्ग पिछले 2-3 वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टोडा के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सुनील गुप्ता, सुरेश वर्मा, अमनदीप, जसमेर सिंह और राजेश कुमार ने बताया कि सड़क की खस्ता हालत को लेकर कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की ओर से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई, जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।
अधिकारी कोट
सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर हो चुका है। जल्द ही कार्य शुरू करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।- तरुण शर्मा, पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई