गांव कुंडी में फुटपाथ पर हुई हत्या के मामले में चार गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 में फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति की पत्थर मारकर की गई हत्या के मामले में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरार होने की फिराक में थे जिन्हें पुलिस ने सेक्टर-20 स्थित श्मशानघाट के पीछे से दबोच लिया। अदालत में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज निवासी मोहाली, दिनेश कुमार उर्फ भोला निवासी मोहाली, बादल निवासी गांव कुंडी और राजकुमार निवासी गांव कुंडी, सेक्टर-20 के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कुंडी क्षेत्र में फुटपाथ पर एक पेड़ के नीचे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-20 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के साथ ही सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। मृतक की पहचान टीटू निवासी जीरकपुर के रूप में हुई।
रजाई को लेकर हुआ विवाद
जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने थाना सेक्टर-20 में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका पति टीटू गांव कुंडी और सेक्टर-20 क्षेत्र में कबाड़ एकत्र कर गुजर-बसर करता था और अक्सर फुटपाथ पर ही सो जाता था। 14 जनवरी को उसे सूचना मिली कि उसके पति की अज्ञात लोगों ने पत्थर मारकर हत्या कर दी है। जांच में सामने आया कि टीटू और आरोपियों के बीच रजाई के लिए विवाद हुआ था। आरोपियों ने टीटू की रजाई छीन ली थी। इसी पर झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने पत्थरों से टीटू के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। 18 जनवरी को थाना सेक्टर-20 के प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका के नेतृत्व में जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार और पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एक दिन के पुलिस रिमांड पर
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वारदात में किसी अन्य की भूमिका तो नहीं रही।